खाद्यान्न वितरण में मनमानी, घटतौली को लेकर मंगलवार को अड़हरा गांव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कोटेदार के खिलाफ गांववालों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को शिकायतीपत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
मंझनपुर तहसील क्षेत्र के अड़हरा गांव निवासी इंतजार अहमद, पंछीलाल, रामसिंह, महेश कुमार, सुनील कुमार, फुद्दीलाल, रामनरेश पांडेय, महमूद हसन, नोखेलाल, राममिलन, कौशल रजा, साकिर अली, मेवालाल, मासूक अहमद, नीरज पांडेय आदि ने बताया कि गांव में सस्तेदर की राशन की दुकान का संचालक खाद्यान्न, मिट्टी के तेल वितरण में मनमानी करता है। दूसरे तीसरे महीने राशन, केरोसीन का वितरण किया जाता है।
इस दौरान भी घटतौली और ग्रामीणों से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की जाती है। विरोध करने पर कोटेदार और उसके परिवार के लोग मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। कोटेदार की मनमानी से भड़के गांववालों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुंकार भरी। डीएम को शिकायतीपत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने आपूर्ति अधिकारी को जांच करके हफ्तेभर में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।