Demonstration against Mandi fee and user tax
- फोटो : KAUSHAMBI
मंडी शुल्क और यूजर टैक्स के विरोध में किया प्रदर्शन
मंडी समितियों में धरना-प्रदर्शन कर सीएम और कृषि मंत्री को संबोधित ज्ञापन सचिवों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। मंडी के अंदर मंडी शुल्क और यूजर टैक्स लगने के विरोध में शुक्रवार को जिले के गल्ला व्यापारी सड़क पर उतर पड़े। सभी मंडी समितियों के अंदर दुकानें बंद कर सचिव कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। बाद में सीएम एवं कृषि मंत्री को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सचिव को सौंपा। चेताया कि मांगें नहीं मानी गईं तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय महामंत्री रमेश अग्रहरि की अगुवाई में मंडी समिति भरवारी के व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर सचिव कार्यालय पहुंचे। यहां धरने को संबोधित करते हुए प्रांतीय महामंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने मंडियों के बाहर मंडी शुल्क पूरी तरह से समाप्त कर बेहतर कदम उठाया है। सरकार के इस फैसले का व्यापारी स्वागत करते हैं। परंतु मंडियों के अंदर कारोबारियों पर मंडी शुल्क बनाए रखना पूरी तरह से अनुचित है। इसी तरह मंडी के व्यापारियों पर नया यूजर टैक्स लागू करना समझ से परे हैं। जबकि दुकान यूज करने के एवज में व्यापारियों से पहले से ही किराया वसूला जा रहा है। ऐसे में यूजर टैक्स लगाने का कोई औचित्य नहीं बनता है। प्रांतीय महामंत्री ने कहा कि मंडी शुल्क और यूजर टैक्स को पूरी तरह से समाप्त नहीं किया गया तो व्यापारी देशव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगे। बाद में व्यापारियों ने मंडी सचिव छक्कीलाल को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर प्रवेश केसरवानी, मोहित, हर्ष, वीरेंद्र, अरविंद कुमार समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे। इसी तरह मंझनपुर तहसील की ओसा मंडी के व्यापारियों ने भी नगर अध्यक्ष अंशुल केसरवानी की अगुवाई में मंडी सचिव कार्यालय के समक्ष धरना, प्रदर्शन किया। यहां विपिन कुमार, नरोत्तम केसरवानी, राजू, दीपक पांडेय, रामबाबू, अजय वर्मा आदि व्यापारी मौजूद रहे। मंडी समिति अजुुुहा के व्यापारियों ने नगर अध्यक्ष रमेश चंद्र अग्रहरि की अगुवाई में दुकानें बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रमोद साहू, विक्की, विनोद केसरवानी, पवन कुमार आदि व्यापारी मौजूद रहे।