मूरतगंज। सिहोरी टोल प्लाजा के समीप एनएचएआई की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ गुरुवार प्रशासन का हथौड़ा चला। प्रशासन ने जेसीबी लगवाकर करीब 40 अवैध दुकानों को तोड़ दिया। एक किसान की जमीन पर खुले ढाबे का टिन शेड गिरने पर हंगामा हुआ। बाद में राजमार्ग प्रशासन ने गलती मनाते हुए बनवाने का आश्वासन दिया। नेशनल हाईवे पर सिहोरी टोल प्लाजा के समीप अवैध तरीके से लोगों ने फुटपाथ पर कब्जा कर लिया था। हाइवे के दोनों तरफ करीब पांच दर्जन दुकानदारों ने गुमटी, छप्पर आदि डालकर कब्जा कर लिया था। इन्हीं दुकानों पर अराजकत्तवों का जमावड़ा लगता था। बालू-गिट्टी के ओवर लोड ट्रक जबरन यहीं से माफिया पास कराते थे। टोल प्लाजा में इंट्री तक नहीं कराई जाती थी।
इसके अलावा गोवंश तस्कर टोल का गेट तक तोड़ने से परहेज नहीं करते थे। टोल प्लाज के प्रबंधक आरएल पाटीदार ने अवैध तरीके से कब्जा किए लोगों को दुकानें हटाने की नोटिस दी। लेकिन वह फिर भी जमे रहे। इसी की शिकायत पर गुरुवार को एसडीएम चायल अनिल चतुर्वेदी, सीओ राजवीर सिंह, कोखराज, मूरतगंज पुलिस चौकी की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अफसर अपने साथ जेसीबी भी ले गए थे। करीब 40 अवैध कब्जे हटवाए गए। इस दौरान एक किसान की जमीन पर खुले ढाबे की टिन शेड गिरने से हंगामा हो गया। बाद में अफसरों ने दोबारा टिन लगवाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।