कस्बे के फकीराबाद मोहल्ले में रविवार सुबह जमकर दादागीरी देखने को मिली। आरोप है कि 20 लाख रुपये रंगदारी नहीं देने पर मजदूरों की पिटाई कर दबंगों ने एक निर्माणाधीन मकान ढहा दिया।
शिकायत पर 17 नामजद व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
पइंसा काेतवाली के उदहिन खुर्द निवासी रामप्रकाश सिंह ने बताया कि सालों पहले फकीराबाद में उन्होंने एक भूमि का बैनामा कराया था। जब भी उस भूमि पर वह निर्माण कार्य कराने जाते हैं, कुछ लोग रंगदारी की मांग करते हुए काम में बाधा डालते हैं। दो महीने पहले भी निर्माण ढहाने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
रामप्रकाश ने बताया कि इधर बीच उन्होंने दोबारा निर्माण कार्य प्रारंभ कराया है। निर्माण का ठेका संदीपन घाट कोतवाली के उजिहिनी खालसा निवासी मो. शमीम को दिया है। आरोप है कि निर्माण शुरू होते ही विपक्षी 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगे।
रंगदारी देने से इन्कार करने पर रविवार सुबह ट्रैक्टर लेकर पहुंचे विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की पिटाई शुरू कर दी। इससे कई मजदूर जख्मी हो गए। मजदूरों के जान बचाकर भाग जाने पर आरोपियों ने ट्रैक्टर लगाकर निर्माणाधीन मकान ढहा दिया। सूचना के बाद पुलिस को आते देख आरोपियों में भगदड़ गच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दौड़ाकर आठ लोगों को पकड़ लिया। पीड़ित भवन स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने 17 लोगों को नामजद कर अन्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लिखापढ़ी के बाद सभी का चालान किया गया।
-
इन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
सरायअकिल थाना क्षेत्र के खरसेन का पूरा निवासी तेज प्रताप सिंह, जगत सिंह, शिवप्रताप सिंह, उमाशंकर सिंह, दयाशंकर सिंह, रमाशंकर सिंह, रामनारायण सिंह, अनुराज सिंह, अंशू सिंह, युवराज सिंह, बड़कू उर्फ सुरेंद्र सिंह, चंदा देवी, ललिता सिंह, हेमा देवी, भखंदा निवासी निखिल सिंह, कटैनी निवासी शिवम सिंह व फकीराबाद निवासी ननका यादव व अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
-
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
-सरायअकिल कोतवाली पुलिस ने मौके से खरसेन का पूरा निवासी तेज प्रताप सिंह, दयाशंकर सिंह, अनुराज सिंह, शिवम सिंह, ननका यादव, चंदा देवी, ललिता सिंह व हेमा देवी सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।