भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जिला पंचायत परिसर में मासिक बैठक कर किसानों की समस्याओं को उठाया। इस दौरान जिलाध्यक्ष चंदू तिवारी के नेतृत्व में आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा गया।
इस दाैरान चंदू तिवारी ने कहा कि जिले की अधिकतर नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने से धान की फसल सूखने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि तहसील चायल में किसान भवन न होने से बीज वितरण व किसान गोष्ठियों के आयोजन में दिक्कत आती है, इसलिए भवन निर्माण कराया जाए। साथ ही लंबे समय से चायल तहसील क्षेत्र में फायर स्टेशन की मांग की जा रही है।
फायर स्टेशन न होने से हर साल बिजली की शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं में किसानों की फसल नष्ट हो जाती है। वर्तमान में फायर स्टेशन मंझनपुर या पश्चिम शरीरा से होने से फायर बिग्रेड को आने में दो से तीन घंटे लग जाते हैं। किसानों ने यह भी मांग की कि भरवारी में तैयार हो चुका सरकारी नलकूप वर्कशॉप तत्काल प्रयागराज से स्थानांतरित किया जाए। किसानों की मांगों को लेकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर बच्चा लाल, शाहिद अहमद, सुरेश कुमार और रमाकांत आदि मौजूद रहे।