चक बादशाहपुर निवासी एक युवक की लाश शनिवार सुबह गांव के बाहर आम के बाग में मिली। मौके के हालात हत्या कर शव ठिकाने लगाए जाने की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि परिवार की ओर से खुदकुशी की तहरीर दी गई है। असलियत जानने के लिए पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। चरवा कोतवाली क्षेत्र के चक बादशाहपुर गांव का अशोक कुमार (25) पुत्र श्रीराम किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। शुक्रवार शाम करीब सात बजे खेतों की ओर जाने की बात कहकर वह घर से निकल गया। काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। इसी बीच शनिवार सुबह गांव के बाहर आम की बाग में उसकी लाश मिली।
मृतक के दाहिने पैर के अंगूठे से खून निकल रहा था। गर्दन पर ऐसे निशान थे, जिससे लग रहा था कि रस्सी से गला घोटा गया है। हालांकि पीड़ित पिता श्रीराम का कहना है कि उसके बेटे ने मनोदशा कम ठीक होने के कारण खुदकुशी की है। अब सवाल यह उठता है कि युवक ने फांसी लगाई है तो शव फंदे पर क्यों नहीं लटक रहा था। आखिर परिजनों के अलावा बाकी कोई शव फंदे से नीचे क्यों उतारेगा। इस तरह के तमाम सवाल हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामले में चरवा कोतवाली प्रभारी प्रांजल यादव का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में स्थिति काफी हद तक साफ हो जाएगी। इससे पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। यदि हत्या का मामला सामने आया तो रिपोर्ट दर्ज कर उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।