परिवार वालों की मर्जी के बगैर दूसरे धर्म के युवक के प्रेम विवाह करने वाली करारी कस्बे में रहने वाली युवती की दिल्ली में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवती के लापता होने के बाद परिवार के लोगों के साथ मिलकर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया था। मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश सिंह को एसपी ने निलंबित कर दिया था।
बाद में युवती ने युवक के साथ कोर्ट मैरिज करने का दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया था। बुधवार रात दिल्ली पुलिस से युवती की मौत की सूचना मिलने के बाद घर वाले शव लेने के लिए रवाना हो गए।
करारी कस्बे की एक युवती ने दूसरे धर्म के युवक के साथ करीब साढ़े तीन साल पहले प्रेम विवाह कर लिया था। इस दौरान करारी में जमकर हंगामा हुआ।
परिवार वालों के साथ खड़े हिंदू संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन किया था। इस पर तत्कालीन एसपी ने थानाध्यक्ष राजेश सिंह को निलंबित कर दिया। बाद में युवती ने खुद को बालिग बताते हुए युवक के साथ प्रेम विवाह करने का दावा किया। उसने कोर्ट मैरिज के कागज भी अदालत में प्रस्तुत किए।
इसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ दिल्ली में रह रही थी। बुधवार को दिल्ली पुलिस ने युवती के घरवालों को फोन पर बताया कि उनकी बेटी की छत से गिरकर मौत हो गई है। युवती का पति घटना के बाद से फरार है। इस पर परिवार के लोग शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। घटना को लेकर करारी में चर्चा का बाजार गर्म रहा।