डहिया के बहोरे की थी तियरा में मिली सिर कूची लाश
तियरा में ब्याही है बहोरे की साली, साढू़ व उसके परिजन पुलिस के राडार पर
प्रेमप्रपंच को केन्द्र बनाकर घटना की जांच कर रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
करारी। इलाके के तियरा गांव में शनिवार रात सिर कूचकर मौत के घाट उतारा गया अधेड़ डहिया निवासी बहोरे था। तियरा में उसकी साली ब्याही है। शिनाख्त होने के बाद साढ़ू तथा उसके परिजन पुलिस के राडार पर आ गए हैं। आशनाई से जोड़कर पुलिस इस निर्मम हत्याकांड की जांच कर रही है।
तियरा गांव के लोग रविवार सुबह शौच के लिए निकले तो रोशनलाल के खेत में एक करीब 50 वर्षीय अधेड़ की लाश पड़ी थी। सूचना पाकर एसपी प्रदीप गुप्ता व सीओ सिटी एसएन पाठक फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट तथा करारी कोतवाल केपी सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने जांच की। तमाम कोशिशों के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। सोमवार सुबह पीएम हाउस पहुंची मृतक की पत्नी रानी ने शव की शिनाख्त अपने पति बहोरे (50) पुत्र सम्पत निवासी डहिया थाना सरायअकिल के रूप में की। बहोरे पल्लेदारी का काम करता था। शनिवार सुबह वह घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटते पर परिजन खोजबीन कर रहे थे। बहोरे की तियरा गांव में साली ब्याही है। ऐसे में पुलिस को शक है कि कहीं साली के घर वालों ने ही तो बहोरे की हत्या नहीं की है। पुलिस का पूरा फोकस इसी बिंदु पर है। हालांकि अभी पूछताछ के लिए किसी की धरपकड़ नहीं की गई है। मामले में करारी कोतवाल केपी सिंह का कहना है कि फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
शिनाख्त न करके हो गए संदिग्ध
करारी। शव मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। बताया जाता है कि मृतक की साली के घर वाले भी वहां पहुंचे थे। पर, उन्होंने शिनाख्त नहीं की। इसी वजह से साली के परिवार वालों की भूमिका और ज्यादा संदिग्ध हो गई है। भीतरखाने से आ रही खबरों पर यकीन करें तो पुलिस जल्द ही मृतक के साढ़ू को पूछताछ के लिए हिरासत में लेगी। फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है।