कोखराज कोतवाली के मरधरा गांव के समीप रेलवे लाइन के किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लाश दो दिन पुरानी बताई जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोपहर बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मरधरा गांव के लोग बृहस्पतिवार सुबह रेलवे लाइन के किनारे गए थे। इस दौरान वहां दुर्गंध उठ रही थी। इस पर लोग मौके पर पहुंचे तो वहां एक युवक का शव पड़ा था।
लाश पुरानी लग रही थी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर मूरतगंज चौकी प्रभारी कामता प्रसाद मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। लाश के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
आसपास के गांवों के लोग भी शव की शिनाख्त नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने अज्ञात में शव दाखिल कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों को मामले की सूचना दे दी गई।