Dead body of youth found hanging from tree in Saraikil
- फोटो : KAUSHAMBI
सरायअकिल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
परिवार के लोग हत्या की जता रहे आशंका, बुद्धपुरी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बुद्धपुरी मोहल्ले में शुक्रवार सुबह एक बाइक मैकेनिक का शव फांसी से लटका मिला। गुरुवार देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग खोजबीन कर रहे थे। घरवाले खुदकुशी की बात हजम नहीं कर पा रहे हैं। चर्चा है कि युवक की हत्या के बाद शव फांसी पर लटकाया गया है। हालांकि पुलिस को इस बाबत शुक्रवार शाम तक तहरीर नहीं दी गई थी।
सरायअकिल कस्बे के बुद्धपुरी मोहल्ला निवासी जंगबहादुर उर्फ छेदीलाल सेन का 24 वर्षीय बेटा मनीष कुमार बेनीराम कटरा में बाइक की धुलाई के साथ ही उसकी रिपेयरिंग का काम करता था। मनीष के साथ दुकान पर छेदीलाल भी काम करता है। छेदीलाल के मुताबिक गुरुवार शाम करीब सात बजे वह दुकान से घर आ गया। मनीष दुकान पर ही कुछ काम होने के कारण रुका था। देर रात तक मनीष घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग उसकी खोजबीन करने लगे। मनीष के फोन पर बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह था। शुक्रवार सुबह दुकान के पीछे एक बाग में मनीष का शव कटहल के पेड़ से लटका मिला। मनीष की लाश प्लास्टिक के पाइप से लटक रही थी। घरवाले खुदकुशी का कारण नहीं बता पा रहे। परिवार के लोगों का कहना है ऐसा कुछ नहीं था, जिससे मनीष को जान देने के लिए विवश होना पड़े। परिवार के लोग हत्या किए जाने की बात कह रहे हैं। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बाबत थानाध्यक्ष विजय विक्रम सिंह का कहना है मनीष का शव फांसी से लटका मिला है। लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई है। परिवार की तरफ से तहरीर नहीं दी गई।