सरायअकिल। कोतवाली क्षेत्र के कोटिया गांव में रविवार की शाम एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता मिला। राहगीरों ने लाश देखी तो इसकी खबर पास के गांव में दी। जानकारी होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने शव नीचे उतरवा कर शिनाख्त कराई। पुलिस ने बताया कि घटना के कारण का पता अभी नहीं चल सका है।
कोटिया गांव निवासी बुधराम (26) पुत्र फूलचंद्र की ससुराल बिरनेर गांव में लालजी के यहां है। मृतक के भाई ननका के अनुसार रविवार की सुबह बुधराम ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकला था। दोपहर को फोन पर उसने रोते हुए बताया कि ससुराल वाले उसके साथ गाली-गलौज कर रहे हैं। इस पर ननका व उसका चचेरा भाई विकास बिरनेर गांव आ गए। आरोप है कि पूछताछ करने पर ससुराल वालों ने दोनों को डांट फटकार कर भगा दिया। इसी बीच शाम चार बजे खेतों की ओर गए लोगों ने कुम्हारन पुरवा गांव के समीप नीम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी पर लटकते हुए युवक का शव देखा। सूचना पर वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। शव मिलने की सूचना पर खोजबीन कर रहे ननका व विकास भी मौके पर पहुंचे। लाश बुधराम की थी। इसे लेकर दोनों भाई रोने लगे। जानकारी पर पुलिस भी आ गई। थानाध्यक्ष विजय विक्रम सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।