बम्हरौली गांव में मिली युवक की लाश
सिर और चेहरे पर थे गंभीर चोट के निशान
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बम्हरौली गांव में गुरुवार सुबह बीच सड़क पर एक युवक की लाश मिली। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
बम्हरौली गांव के लोग गुरुवार सुबह टहलने के लिए निकले तो मुख्य सड़क पर बीचोबीच एक करीब 35 वर्षीय एक लड़के की लाश पड़ी थी। सूचना पाकर पहुंचे इंस्पेक्टर कोखराज अजीत कुमार पांडेय ने जांच की। तमाम कोशिशों के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक काले रंग की लोवर और हरी टी शर्ट पहन रखी थी। सिर के साथ ही चेहरे पर भी गंभीर चोट के निशान थे। शव के पास बहा था। ऐसे में ग्रामीण सिर कूचकर हत्या किए जाने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। शिनाख्त के लिए शव की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल कर दी गई हैं। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर एके पांडेय का कहना है कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि मौत सड़क हादसे में हुई है। हत्या की बात को सिरे से खारिज नहीं किया जा सकता। पीएम रिपोर्ट में स्थिति साफ हो जाएगा। हत्या हुई तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।