Dead body found in suspicious condition in house in Karari
- फोटो : KAUSHAMBI
करारी में घर में संदिग्ध हालत में मिला अधेड़ का शव
हत्या की जताई जा रही आशंका, अर्का फतेहपुर गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी/म्योहर। करारी कोतवाली क्षेत्र के अर्का फतेहपुर गांव में शुक्रवार रात घर के अंदर सो रहे एक अधेड़ की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या की गई है। मामले में बेटे ने तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अर्का फतेहपुर गांव निवासी रामभवन (55) पुत्र बाबादीन प्रयागराज में रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाता था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की रात वह नशे में धुत होकर घर आया। घर में सामान रखने के बाद वह फिर से शराब पीने चला गया। देर रात रामभवन घर पहुंचा। वह घर के पिछले हिस्से में निर्माणाधीन कमरे में पड़े पुआल के ऊपर कथरी डाल कर सो गया। रात करीब 11 बजे वह शौच के लिए उठा, लेकिन बाहर नहीं जा सका। पत्नी सावित्री ने बताया कि रात दस बजे तक उसका बेटा लवलेश पिता का पैर दबाता रहा। इसके बाद वह आगे के हिस्से में बने कमरे के अंदर सोने चला आया। 11 बजे शौच के लिए रामभवन ने पानी मांगा। वह पानी देने के बाद आगे के हिस्से में चली आई। सुबह जगाने गई तो रामभवन मरा पड़ा था। अंडरवियर व लुंगी में खून लगा था। पुलिस ने शव का परीक्षण किया। इससे अनुमान लगाया गया कि उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस को दी गई तहरीर में लवलेश ने इत्तेफाकिया घटना होना बताया है।
----
इनका कहना है
मृतक के बेटे के मुताबिक उसके पिता की मौत अधिक शराब पीने की वजह से हुई है। प्राइवेट पार्ट में जख्म मिला है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।-एसएन पाठक, सीओ सदर