हादसे के बाद चालक की पहचान करने में जुटी पुलिस - संवाद
सैनी कोतवाली क्षेत्र के लोंहदा मोड़ गांव के समीप कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम भीषण सड़क हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम भिड़ गई, जिससे चालक केबिन में फंस गया। पुलिस ने किसी तरह बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बुधवार शाम करीब सात बजे गाड़ी संख्या यूपी-78 एएन 6395 स्टील का सामान लेकर कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन लोंहदा गांव के मोड़ के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को काफी मशक्कत के बाद केबिन से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस 108 से उसे सीएचसी सिराथू भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी कोतवाल शेर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक मूल रूप से फतेहपुर का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में परिवार के साथ कानपुर में रह रहा था। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।