करारी इलाके की एक महिला का बहू ने जीना दूभर कर दिया है। सप्ताह भर से मायके में रह रही बहू ससुराल आने के लिए 30 हजार रुपये की मांग कर रही है। पैसा नहीं देने पर पूरे परिवार को दहेज उत्पीड़न के मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित महिला ने बुधवार को एसपी से शिकायत की है।
महिला का कहना है कि उसके बेटे की शादी कोतवाली इलाके के ही एक गांव में रहने वाली एक युवती से दो साल पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही बहू पूरे परिवार को परेशान करने लगी। मामला बढ़ने पर शिकायत एसपी से की गई थी। मामला परिवार परामर्श केंद्र में चला। यहां पति-पत्नी के बीच सुलह कराई गई। विवाहिता को उसकी ससुराल भेजा गया। आरोप है कि सप्ताह भर पहले महिला फिर मायके चली गई। बहू अब ससुराल आने के लिए राजी नहीं है। ससुराल आने से पहले वह 30 हजार रुपये की मांग कर रही है। पैसा नहीं देने पर परिवार के लोगों को दहेज उत्पीड़न के मामले में फंसाने की धमकी दे रही है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने करारी कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।