प्रयागराज के भगवतपुर ब्लॉक के मंदर देह माफी गांव में एक व्यक्ति के घर में सफाई नहीं करना सफाई कर्मचारी को महंगा पड़ा। निजी घर की सफाई से इनकार करने पर दबंगों ने सफाईकर्मी को जमकर पीटा। शोरगुल पर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया।
घटना की शिकायत पुलिस से की गई है। साथी कर्मचारी की पिटाई को लेकर ब्लॉक क्षेत्र के अन्य सफाईकर्मियों में रोष है। सफाईकर्मियों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भगवतपुर ब्लॉक के मंदर देह माफी गांव में अमरेश कुमार आर्य की सफाईकीर्म के रूप में तैनाती है। आरोप है कि बुधवार को सफाईकर्मी अमरेश गांव में गया तो वहां पर मौजूद रहे गांव के ही कुछ लोगों ने अपने घर की सफाई करने के लिए उस पर दबाव बनाया।
इसका विरोध जब सफाईकर्मी अमरेश ने किया तो लाठी डंडों से लैस रहे दबंगों ने उसकी जमकर पिटाई की। शोरगुल पर पहुंचे गांव के अन्य लोगों ने बीचबचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। अमरेश ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी है।
पुलिस ने तहरीर लेकर अमरेश को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। उधर, घटना की जानकारी ब्लॉक क्षेत्र के अन्य सफाई कर्मियों को हुई तो वे आक्रोशित हो उठे। उन्होंने बीडीओ को ज्ञापन देकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।