कोतवाली क्षेत्र के रक्सराई गांव के समीप रविवार सुबह क्रेन ने साइकिल से मजदूरी करने जा रहे चचेरे भाइयों को कुचल दिया। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथ रहा चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए प्रयागराज-कौशाम्बी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
सूचना के बाद एसडीएम सदर राजेश चंद्रा व सीओ चायल श्यामकांत कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रक्सराई गांव निवासी सुखलाल (40) व राजेश (25) चचेरे भाई हैं। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह दोनों एक ही साइकिल से मजदूरी करने जा रहे थे। गांव के बाहर सड़क पर पहुंचते ही कौशाम्बी की ओर जा रही तेज रफ्तार क्रेन ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में सुखलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राजेश को इलाज के लिए एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो ग्रामीण भड़क गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए प्रयागराज-कौशाम्बी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ चायल श्यामकांत ने नाराज ग्रामीणों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग जाम समाप्त करने को राजी नहीं हुए। सूचना के बाद पहुंचे एसडीएम मंझनपुर राजेश चंद्रा व नायब तहसीलदार चायल दीक्षा पांडेय ने मृतक के परिजनों को पट्टे की जमीन देने का आश्वासन दिया।
तब जाकर ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।