सैनी कोतवाली क्षेत्र के अजुहा कस्बे के भौतर मोड़ के पास मंगलवार शाम बाइक की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ और बाइक पर बैठी महिला घायल हो गई। आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल भेजवाया।
सैनी कोतवाली के केन गांव निवासी नंदा (55) शादियों में बाजा बजाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मंगलवार शाम वह साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भौतर मोड़ के पास हाईवे पर चढ़े। इसी बीच खागा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार इस्लाम निवासी पक्का तालाब खागा ने साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में नंदा गंभीर रूप से घायल हो गए और साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। इसके साथ ही बाइक पर बैठी इस्लाम की मां खलीला कुरैशी भी घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अजुहा चौकी इंचार्ज अंशुमान मिश्रा ने घायलों को ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से सिराथू सीएचसी भेज दिया।