मंझनपुर चौराहे पर सजी राखी की दुकान। संवाद
रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बहनें आकर्षक राखियों की खरीदारी में जुटी हैं। इस बार वाटरप्रूफ, स्टोन व गोटा-चांदी की राखियां ग्राहकों को खूब भा रही हैं।
मंझनपुर बाजार में विभिन्न रंगों और डिजाइन वाली राखियों की लंबी रेंज देखने को मिल रही है। दुकानदार अमित कुमार ने बताया कि इस बार परंपरागत राखियों के साथ वाटरप्रूफ और ट्रेंडी डिजाइन की मांग अधिक है। बहनें खासतौर पर ऐसी राखियां पसंद कर रही हैं जो देखने में सुंदर हो और लंबे समय तक सुरक्षित रहे।
यही वजह है कि स्टोन वाली वाटरप्रूफ राखियां खूब बिक रही हैं। गोटा-चांदी और जरदोजी कारीगरी वाली राखियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इनकी कीमतें 20 से लेकर 150 रुपये तक हैं, जबकि डिजाइनर राखियों की रेंज 200 से 500 रुपये तक है। दुकानदारों को उम्मीद है कि अगले दो दिनों में बिक्री और बढ़ेगी।