अपरा एकादशी पर मां शीतला का दर्शन-पूजन के लिए लगी भक्तों की भीड़। संवाद
मां शीतला धाम में बुधवार को अपरा एकादशी के अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां शीतला के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर और घाटों पर उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं ने कड़ा के कुबड़ी घाट, कालेश्वर घाट, बाजार घाट, हनुमान घाट और वृंदावन घाट पर स्नान कर पूजा-अर्चना की।
स्नान के बाद हाथों में नारियल, चुनरी, माला, प्रसाद और ध्वज लेकर श्रद्धालु घंटों लाइन में लगकर मां के दर्शन के लिए उत्सुक दिखाई दिए। प्रदेश के विभिन्न जिलों प्रयागराज, भदोही, सुल्तानपुर, जौनपुर, अमेठी, फतेहपुर, चित्रकूट और बांदा समेत कई स्थानों से आए भक्तों ने मां शीतला के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आत्म प्रकाश पंडा ने बताया कि अपरा एकादशी के दिन हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी सुबह से देर शाम तक दर्शन-पूजन का क्रम लगातार चलता रहा।