मंझनपुर (ब्यरो)। दोआबा की पीड़ित-प्रताड़ित आधी आबादी के लिए राहत भरी खबर है। उनके गुनहगार अब सात दिन के भीतर जेल की सलाखों के पीछे होंगे। पकड़े नहीं गए तो उनका घर कुर्क कर दिया जाएगा। महिलाओं से जुड़े आपराधिक मामलों को लेकर गंभीर हुए एसपी ने इसके लिए सभी थानेदारों और विवेचकों को निर्देश दे दिया है। कई मामलों में लापरवाही करने के आरोप में आधा दर्जन विवेचकों का एसपी ने वेतन भी काट दिया है।
बतादें कि जिले में महिलाओं से जुड़ी आपराधिक घटनाओं की बाढ़ आ गई है। आए दिन रेप, गैंगरेप, छेड़खानी और अपहरण की घटनाएं अंजाम दी जाती रहती हैं। इसे लेकर पुलिस अफसर खासे परेशान हैं। ऊपर से ऐसे मामलों की विवेचना में लापरवाही कर विवेचक अफसरों की और भी ज्यादा किरकिरी करा रहे हैं। इससे खफा एसपी आरके पांडेय रविवार को वयरलेस सेट पर ही भड़क गए। उन्होंने सेट पर सभी थानेदारों और विवेचकों की करीब एक घंटे तक जमकर क्लास ली। साफ निर्देश दिया कि महिलाओं से जुड़े आपराधिक मामलों के आरोपी हर हाल में सात दिन के भीतर गिरफ्तार किए जाने चाहिए।
किसी कारण से कोई आरोपी पकड़ा नही जाए तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाए। एसपी ने तल्ख शब्दों में चेतावनी दी है कि इस तरह के मामलों में लापरवाही करने वाले दरोगाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसकेे अलावा अन्य मामलों की लंबित विवेचनाओं को भी हफ्ते भर में खत्म करने का निर्देश एसपी ने विवेचकों को दिया है। बतादें कि वायरलेस सेट पर अचानक एसपी का तल्ख तेवर देख जिले भर के दरोगा, सिपाहियों की घिग्घी बंधी रही। सवालों का जवाब देने में विवेचकों को तो सांप सूंघ गया। एसपी रतनकांत पांडेय ने बताया कि विवेचना में घोर लापरवाही पाए जाने पर अजुहा चौकी प्रभारी रामजीत गौड़, पुरामुफ्ती थाने में तैनात उप निरीक्षक अयोध्या प्रसाद समेत आधा दर्जन विवेचकों का सात से 15 दिन का वेतन भी काटा गया है। बताया कि विवेचक लापरवाही करेंगे तो ठीक नहीं होगा। मनमानी पाए जाने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।