कोखराज के दरबेशपुर गांव स्थित ईंट-भट्ठे की झोपड़ी में आग लग गई। हादसे में विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चरवा के बलीपुर टाटा गांव निवासी सुनील कुमार रैदास ईंटों की पथाई का काम करता है। इन दिनों वह अपनी नवविवाहिता के साथ कोखराज के दरबेशपुर स्थित इल्फत ब्रिक फील्ड में झोपड़ी बनाकर रह रहा है। बताया जा रहा है कि वृहस्पतिवार की सुबह सुनील ईंटों की पथाई कर रहा था जबकि उसकी पत्नी भगवानी देवी (25) झोपड़ी के अंदर चाय बना रही थी। इस दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी झोपड़ी तक पहुंच गई। आग की जद में चाय बना रही भगवानी भी आ गई। आग की लपटों से घिरी विवाहिता की चीख सुन आसपास रहे मजदूर दौड़ पड़े। आग से बचाते हुए झुलसी महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है।