मंझनपुर। मोहब्बतपुर पइंसा क्षेत्र के डबरामई गांव के समीप शुक्रवार को कुएं मिली युवती और उसके हत्यारे दोनों का सुराग अब तक पुलिस नहीं लगा सकी है। युवती के शव की पहचान नहीं होने से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। युवती कहां की थी। उसका किसने और क्यों कत्ल किया। तीन दिन बाद भी यह रहस्य बना हुआ है?
कौशाम्बी और फतेहपुर की सीमा पर बसा है मोहब्बतपुर पइंसा कोतवाली क्षेत्र का डबरामई गांव। इसी गांव के समीप शुक्रवार की शाम पुराने कुएं में युवती की लाश मिली थी। गांव के चौकीदार रतऊ की सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवती के शव को कुंए से बाहर निकलवाया। तमाम प्रयास के बाद भी विवाहिता की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 25-30 वर्षीय युवती की मांग में सिंदूर लगा था। सलवार-कमीज पहने इस युवती के पैर की अंगुलियों में बिछुआ भी था। इससे जाहिर है कि युवती शादीशुदा थी। वहीं उसके कपड़े अस्तव्यस्त देख लोग हत्या से पहले उसके साथ जबरदस्ती किए जाने की आशंका भी जाहिर कर रहे थे। साथ ही लोगों का मानना है कि संभव है कि युवती पड़ोसी जिले फतेहपुर के किसी गांव की रहने वाली हो सकती है। जिसे जबरदस्ती यहां लाकर हत्या करके कातिलों ने शव कुएं में फेंक दिया है।
उधर, रातभर विवाहिता के शव की शिनाख्त कराने में परेशान रही पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना को तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस अब तक मृतका और उसके कातिल का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। मामले में एसओ पइंसा राम आसरे का कहना है कि पुलिस युवती की शिनाख्त और उसके कातिलों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तफ्तीश के बाद ही घटना की सच्चाई का पता चलेगा।