दोआबा के करारी इलाके में भी मिनी विजय माल्या हैं। जो बीओबी और एसबीआई की दो बैंक शाखाओं से बकरी, मुर्गी, भैंस पालन के अलावा दुकान, स्वरोजगार आदि के नाम पर कर्जदार हैं। जिन पर मौजूदा समय में करीब चार करोड़ रुपये बकाया है। हैरत तो ये है कि इनमें से करीब एक दर्जन लोग कर्ज चुकता किए बगैर घर छोड़कर फरार है। बैंक नोटिस भेजकर बकाएदारों से लोन की रकम अदा करने के लिए कह रही है।
करारी इलाके में संचालित बीओबी शाखा से भैंस, मुर्गी, बकरी, सुअर पालन के साथ केसीसी, स्वरोजगार आदि के नाम पर करीब तीन सौ लोगों ने कर्ज ले रखा है। बताया जा रहा है कि इन पर करीब चार करोड़ रुपये का बकाया है। कर्ज लेने के बाद किसी ने एक भी किश्त बैंक में नहीं जमा किया। करारी बीओबी शाखा से जिन तीन सौ लोगों ने कर्ज ले रखा है उनमें से 15 लोग ऐसे भी जो मिनी विजय माल्या है। कर्ज न चुकता करना पड़े इसलिए घर छोड़कर फरार हैं।
इन लोगों ने कहां बसेरा बना लिया इस बावत गांव के साथ घर वाले भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। बीओबी शाखा प्रबंधक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सभी बकाएदारों को नोटिस दी जा रही है। जो लोग घर-गांव छोड़कर भागे है उनकी भी खोज कराई जा रही है। वहीं बताया जा रहा है कि इसी तरह एसबीआई शाखा में भी करीब 12 लाख के डिफाल्टर है।
बता दें कि 17 बैंकों से 9000 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर विजय माल्या के विदेश जाने के बाद हरकत में आए बैंक प्रबंधन ने मैनेजरों को पत्र भेज बकाएदारों पर शिकंजा कसने की हिदायत दी है। जिस पर अब शाखा प्रबंधक बकाएदारों की तलाश में जुटे हैं।