शौचालय व पीएम आवास निर्माण में फिसड्डी ब्लॉक सिराथू के ग्राम प्रधानों, सेक्रेट्रियों व स्वच्छताग्राही के साथ शुक्रवार को बैठक हुई। अध्यक्षता डीडीओ डीके दोहरे ने की। इस दौरान उन्होंने गायब दो सेक्रेट्रियों का एक दिन का वेतन काटा तो दो को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
सिराथू ब्लॉक की ग्राम सभाओं में शौचालय व प्रधानमंत्री आवास निर्माण की प्रगति खराब है। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए शुक्रवार को जिला विकास अधिकारी ने सिराथू ब्लॉक के सेक्रेट्रियों, ग्राम प्रधानों व स्वच्छताग्राही की बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने ग्राम प्रधानों, सेक्रेट्रियों व स्वच्छताग्राही को शौचालय व पीएम आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने का मंत्र दिया।
चेतावनी दिया कि 30 जनवरी तक हर हाल में अधर में लटका निर्माण कार्य पूरा कराए। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में सबसे पीछे रहने वाले सेक्रेट्री सुशील सिंह व रमेश सोनकर को खराब प्रगति पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।
इसके अलावा बैठक से गायब रहे सेक्रेटरी राज किशोर भारती व अर्चना सरोज का एक दिन का वेतन काटने का फरमान जारी किया। बैठक में डीपीआरओ कमल किशोर के अलावा ब्लॉक क्षेत्र के सभी प्रधान, सेक्रेटरी व स्वच्छताग्राही मौजूद रहे। वेतन कटौती व नोटिस जारी होने के बाद संबंधित सेक्रेट्रियों में हड़कंप है।