कोखराज इलाके की एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर पड़ोसी गांव का युवक तीन बरस तक उसकी अस्मत से खेलता रहा। युवती के गर्भवती होेने पर दगाबाज प्रेमी गर्भपात कराने के बाद शादी से मुकर गया। शुक्रवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर युवती को मेडिकल परीक्षण के भेज दिया है।
कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती पड़ोसी गांव के युवक के छलावे में आ गई। शादी का झांसा देकर युवक उसके साथ तीन साल तक दुराचार करता रहा। कुछ दिन पहले युवती गर्भवती हुई तो शादी की जिद करने लगी। इस पर युवक ने उसे गर्भपात के बाद शादी करने का दिलासा दिलाया।
मौका पाते ही एक निजी अस्पताल में ले जाकर गर्भपात करा दिया। गर्भपात के बाद युवती ने शादी की जिद की तो युवक मुकर गया। प्रेमी की दगाबाजी पीड़िता ने परिजनों को बताई तो वे सन्न रह गए। दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई पर युवक शादी करने के लिए राजी नहीं हुआ।
शुक्रवार को पिता के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।