मंझनपुर(ब्यूरो)। नगर कोतवाली इलाके की रहने वाली कक्षा दो की छात्रा के साथ शनिवार शाम एक युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। चीख-पुकार पर गांव के लोग दौड़े तो युवक छात्रा को मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। रविवार को पीड़िता के पिता ने युवक के खिलाफ नामजद तहरीर मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी है। एसओ ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। फौरी तौर पर उन्होंने घटना पर संदेह जताया है। बताया कि दोनों परिवारों में रंजिश है। संभवत: इसी रंजिश में युवक को फंसाने की साजिश हुई है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 7 वर्षीय एक बालिका कक्षा दो की छात्रा है। उसके पिता का कहना है कि शनिवार शाम उसकी बेटी गांव के बाहर स्थित सरकारी नलकूप की ओर गई थी। अकेली देख गांव के ही एक युवक ने दबोच लिया। खेत की ओर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। छात्रा के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े । लोगों को आते देख युवक जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकला।
रविवार की सुबह पाड़िता को लेकर घरवाले मंझनपुर कोतवाली आए और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पुरानी दुश्मनी है। ऐसे में संभव है कि युवक को फंसाने की साजिश के तहत दुराचार के प्रयास की तहरीर दी गई है। बताया कि जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी पुलिस वैसी कार्रवाई करेगी।