कोखराज थाना क्षेत्र के जीवनगंज रेलवे क्रासिंग पर शनिवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से युवक के चीथड़े उड़ गए। सुबह वह घर से मूरतगंज बाजार जाने के लिए निकला था। हादसे की जानकारी होते ही घर-परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के जीवनगंज गांव का रहने वाला जयकरन (32) शनिवार की सुबह करीब 11 बजे घर से मूरतगंज बाजार जाने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि वह गांव के समीप से गुजरी रेलवे लाइन क्रासिंग पार कर रहा था। इसी दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए। हादसा देख आस-पास खेतों में जानवर चरा रहे लोग दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे। और युवक की पहचान करने के बाद हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।