इलाहाबाद-सरायअकिल मार्ग पर कोटिया गांव के समीप मंगलवार की रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के डहिया गांव निवासी अखिलेश कुमार (40) पुत्र राधेश्याम ने घर के समीप दुर्गा प्रतिमा बैठा रखी है। मंगलवार की रात जनरेटर का डीजल समाप्त हो गया। वह बाइक से डीजल लेने के तिल्हापुरमोड़ जा रहा था। कुंड्रावी गांव के समीप साथी विशाल मिला और वह भी बाइक पर बैठ लिया। जैसे ही वे कोटिया गांव के समीप से गुजरे इसी दौरान इलाहाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली बाइक से टकरा गई।
पहिया की चपेट में आने से अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी विशाल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। हादसे की सूचना मिलते ही सरायअकिल पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना पर परिवार के लोग रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।