चायल (कौशाम्बी)। युवती को लापता करने के शक में बृहस्पतिवार की रात पुरामुफ्ती के मलाकमोहिद्दीनपुर गांव में दबंगों ने प्रधान समेत तीन घरों में जमकर उत्पात मचाया। दरवाजा तोड़कर घर के भीतर घुसे हमलावरों ने खपरैल आदि तोड़ डाला। अन्य ग्रामीणों के विरोध करने पर हमलावर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। भुक्तभोगियों की तहरीर पर पुलिस ने आधा दर्जन हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मलाक मोहिद्दीनपुर गांव निवासी ग्राम प्रधान पप्पू, अमर सिंह और बलवंत ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात वह परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। रात लाठी-डंडे से लैस हमलावरों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। घरों का दरवाजा तोड़ते हुए छप्पर, खपैरल आदि पीटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। दबंगों का उत्पात देख गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के विरोध पर हमलावर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले पड़ोसी गांव में ब्याही युवती ससुराल से संदिग्ध दशा में लापता हो गई थी। युवती को भगाने के शक में उसके परिजनों ने साथियों के साथ मिलकर प्रधान और उसके परिवार के दो घरों में तोड़-फोड़ की। ग्राम प्रधान की तहरीर पर आधा दर्जन हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।