कस्बे के गौरा रोड पर स्थित किसान के बंद मकान में शनिवार की रात चोरी हो गई। ताला तोड़कर घुसे चोर 25 हजार रुपये के अलावा करीब 2 लाख रुपये के गहने आदि अन्य सामान उठा ले गए। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी (गौरा रोड) निवासी राम खेलावन किसान है। दो महीने पहले उसके बड़े बेटे अनिल की शादी हुई थी। अनिल पत्नी के साथ मकान में रहता है, जबकि राम खेलावन और परिवार के अन्य सदस्य बगल स्थित दूसरे घर में रहते थे। शनिवार की शाम अनिल पत्नी को लेकर इलाहाबाद ससुराल चला गया था। रात में उसके मकान का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने कमरे, संदूक, आलमारी आदि का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये, करीब दो लाख रुपये के गहने, कपड़े आदि अन्य कीमती सामान पार कर दिया। मकान में चोरी करके चोर चुपचाप निकल भागे। रात में इसकी किसी को भनक भी नहीं लगी। इधर, रविवार की दोपहर जब अनिल और उसकी पत्नी घर लौटे तो मकान, कमरे, आलमारी आदि का टूटा ताला और पैसे, गहने आदि अन्य कीमती सामान गायब देख उसके होश उड़ गए। चीख-पुकार पर मोहल्ले के अलावा परिवार के लोग भी जमा हो गए। सूचना पर भरवारी चौकी पुलिस भी आई। मौका मुआयना करके पुलिस ने भुक्तभोगी की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं कस्बे में हुई चोरी की घटना से लोगों में दहशत है।