चायल (कौशाम्बी)। बेखौफ चोरों ने शुक्रवार की रात कादिलपुर बाजार स्थित किराना की दुकान से लाखों का माल पार कर दिया। सेंध काटकर चोर दुकान से करीब 4 लाख रुपये का सामान मालवाहक जीप पर लादकर ले भागे। घटना से पूरी बाजार में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पिपरी थाना क्षेत्र के कादिलपुर गांव निवासी रंजीत केसरवानी पुत्र अयोध्या प्रसाद की घर से करीब 200 मीटर दूर किराना की दुकान है। शुक्रवार की रात करीब 8 बजे दुकान बंद करके वह रोज की तरह घर चला गया था। रात में चोरों ने उसकी दुकान के पीछे की दीवार में सेंध काटी। सेंध के सहारे दुकान में घुसे चोर 20 हजार रुपये, 30 टिन सरसों का तेल, तीन कुंतल चीनी के अलावा साबुन, घी, मेवा, गुड़, मैदा, सूची, नमकीन, बिस्किट आदि लगभग चार लाख रुपये का सामान मालवाहक जीप पर लादकर ले भागे। दुकान में चोरी होने की जानकारी भुक्तभोगी को सुबह तब हुई, जब वह दुकान खोलने पहुंचा। दुकान में सेंध कटी और सारा सामान गायब देख उसके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी लगते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना देख लोग सन्न रह गए।
सूचना पर सीओ चायल रामभवन यादव, पिपरी पुलिस के साथ पहुंचे। पुलिस टीम ने मौका मुआयना करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ का कहना है कि चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
द्वाबा में बेखौफ चोर रोजाना मकान-दुकान खंगाल रहे हैं। शुक्रवार की रात कादिलपुर बाजार में हुई लाखों की चोरी की घटना ने पिपरी पुलिस द्वारा रात में गश्त करने की सारी सच्चाई खोलकर रख दी। स्थानीय बाजार और गांववालों का भी कहना है कि रात में पुलिस एक बार भी गश्त पर नहीं आती है। यही कारण है कि आए दिन किसी न किसी बाजार और गांव में चोरी की घटनाएं हो रही हैं।