मंझनपुर। कौशाम्बी में इन दिनों नौकरी दिलाने वालों का रैकेट सक्रिय है। फरेबियों के चक्कर में फंस कर युवक और युवतियां मोटी रकम गवां रही हैं। मंझनपुर कस्बे की रहने वाली एक युवती को सप्ताह भर पहले नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवकों ने दो किश्तों में एक लाख रुपये की रकम ऐठ ली। इसके बाद मोबाइल बंद करके गायब हो गए। युवती की तहरीर पर मंझनपुर पुलिस ने तीन फरेबी युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मंझनपुर कस्बे की रहने वाली सजमा सिद्दीकी बेरोजगार युवती है। बताया कि कुछ दिन पहले उसे नौकरी दिलाने के लिए मोहित, रवी और रोहित नाम के युवकों ने लालीपाप दिया था। फरेबी युवकों के झांसे में आई युवती से ठगों ने एक लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद आजकल कहते हुए महीनों टरकाते रहे।
इधर कुछ दिन से युवक मोबाइल बंद कर नदारत हैं। मोटी रकम डूबती देख परेशान युवती ने बृहस्पतिवार को मामले की शिकायत मंझनपुर कोतवाली पुलिस से की। फरेबी युवक कहां के रहने वाले थे इस बाबत युवती कुछ नहीं बता सकी। पीड़ित युवती की तहरीर पर पुलिस ने मोहित, रवी और रोहित के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली निरीक्षक रज्जन लाल त्रिपाठी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच पड़ताल के बाद युवकों की गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाएगा।