करारी कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने सोमवार सुबह पड़ोसी गांव में रहने वाले प्रेमी के घर पर जमकर हंगामा किया। शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए शादी की जिद कर वह धरने पर बैठ गई। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद यूपी-100 पुलिस ने समझा-बुझाकर युवती को घर भेज दिया। मामले में फिलहाल किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
करारी इलाके की एक युवती का पड़ोसी गांव के युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। युवती का आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक ने उसका शारीरिक शोषण किया। अब वह विवाह के वादे से मुकर रहा है। दबाव बनाने पर जान से मार डालने की धमकी देता है। इससे नाराज युवती सोमवार सुबह प्रेमी के घर पहुंची और दरवाजे पर धरने पर बैठ गई। यह देख युवक के घर वाले सहम गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। युवती शादी करने की जिद करने पर अड़ी हुई थी। खुद के साथ आरोपी के घर वालों ने भी उसको काफी समझाया। पर, वो किसी की एक सुनने को तैयार नहीं हुई।
इस बीच सूचना पाकर पहुंची यूपी-100 पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर युवती को घर भेजा। दोनों पक्षों के लोग रिश्ते को लेकर पंचायत कर रहे हैं। मामले में करारी एसओ राजेश सिंह का कहना है कि फिलहाल उनसे किसी ने इस तरह की कोई शिकायत नहीं की है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।