करारी। अलाव को बुझाए बगैर सोना बैसकांटी गांव के एक वृद्ध के लिए मौत का सबब बन गया। चिंगारी से बिस्तर में लगी आग में झुलसकर उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी घरवालों को सुबह लगी। छानबीन करके पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन, पुलिस और ग्रामीण सभी घटना को हादसा ही करार दे रहे हैं।
करारी कोतवाली क्षेत्र के बैसकांटी गांव निवासी राम अवतार उर्फ चिंगू (70) अविवाहित था। वह अपने छोटे भाई कलुआ के साथ रहता था। रात वह मकान के पहले मंजिल में बने बरामदे में जलकर मृत मिला। बताया जाता है कि चिंगू इसी बरामदे में सोता था। जबकि भाई और उसका परिवार मकान के नीचे हिस्से में रहते हैं। भाई कलुआ ने बताया कि रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद चिंगू ने तापने के लिए चारपाई के पास ही आग जलाई थी। करीब घंटेभर तक तापने के बाद वह सो गया। माना जा रहा है कि आग बुझाई नहीं गई थी। इससे उसके बिस्तर में आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से उसकी भी जलने से मौत हो गई।
हालांकि आश्चर्य इस बात का है कि वृद्ध की जलने से मौत हो गई और मकान के नीचे हिस्से में सो रहे परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब वह देर तक सोकर नहीं उठा, तो भाई के बच्चे उसे जगाने गए, तब लोगों को घटना की जानकारी हुई। मौत से घर-परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर आई करारी पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि फौरी तौर पर आग बुझाने में की गई लापरवाही से ही हादसा होने की आशंका है। घटना की सच्चाई का पता तो जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही लगेगा।