मंझनपुर (ब्यूरो)। बच्चों के बीच हुए झगड़े में दबंगों ने सैदनपुर गांव के एक किशोर पर जानलेवा हमला बोल दिया। उसे तालाब में डूबो-डूबोकर पीटा। गांववालों के दौड़ने पर हमलावर भाग निकले। गंभीर हालत में उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के सैदनपुर गांव का अवधेश कुमार (13) पुत्र हरिमोहन बृहस्पतिवार की शाम गांव के समीप लगे निजी नलकूप से नहाकर घर लौट रहा था। रास्ते में घात लगाकर बैठे गांव के दो युवकों ने उसे रोक लिया। दोनों युवक उसे पीटते हुए पास स्थित तालाब पर ले गए। वहां उसे पीटने के बाद धक्का देकर तालाब में गिरा दिया। इसके बाद दोनों युवक उसे डूबो-डूबो कर फिर पीटने लगे। इन युवकों ने उसकी जान लेने की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए उसने शोर मचाया। शोर सुनकर परिजनों के साथ ही गांव के लोग दौड़े।
ग्रामीणों को आते देख हमलावर किशोर को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। तालाब के पास मरणासन्न पड़े किशोर को देख परिजनों के होश उड़ गए। वे उसे लेकर जिला अस्पताल आए और भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बनी है। घटना की सूचना मिलते ही गांव के तमाम लोग अस्पताल पहुंच गए। उसकी हालत गंभीर देख गांव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। बवाल की सूचना पर मंझनपुर कोतवाल राजेश कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। एसओ ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह खेलने के दौरान गांव के बच्चों में झगड़ा हुआ था। उसी को लेकर गांव के दो युवकों ने किशोर की पिटाई की है। घटना की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घायल के पिता ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में तहरीर दी है।