सैनी कोतवाली के सोनारन का पुरवा (कोरियों) में बुधवार की शाम को एक युवक ने गांव के बाहर युवती को ताबड़तोड़ चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवती के शोर मचाने पर युवक ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। सूचना पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोनारन का पुरवा गांव की नथनी सरोज (21) बुधवार की शाम को खेत की ओर से घर वापस आ रही थी। इसी दौरान गांव का ही रूपचंद्र सरोज वहां पहुंच गया। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। इससे आक्रोशित रूपचंद्र ने जेब में रखा चाकू निकालकर नथनी पर हमला बोल दिया। नथनी पर रूपचंद्र ने ताबड़तोड़ कई प्रहार किए। चाकू हाथ, गर्दन, पेट आदि जगहों पर लगने से नथनी की हालत खराब हो गई।
वह चीखने चिल्लाने लगी तो रूपचंद्र ने खुद को कई जगह चाकू मारकर घायल कर लिया। नथनी के शोर मचाने पर गांव के लोग भागकर वहां पहुंचे। दोनों को खून से लथपथ देख सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची। पूछताछ के बाद पुलिस ने घायलों को सीएचसी सिराथू में भर्ती कराया गया। हालत खराब होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।