सैनी व सदर कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में करंट से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों की जान टेबल फैन की वजह से गई। हादसे के बाद से दोनों घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बंधवा रजबर गांव में राजकुमार केशरवानी (26) दो भाईयों में छोटा था। राजकुमार ने गांव में ही परचून की दुकान खोल रखी है। बुधवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे दुकान में टेबल फैन लगाकर चावल साफ कर रहा था। टेबल फैन में करंट आ रहा था। वह पंखा बंद करने गया तो करंट की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। लोगों ने देखा तो किसी तरह उसे करंट की चपेट से बाहर निकाला।
राजकुमार का बड़ा भाई संगमलाल उसे ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल लेकर गया। हालत खराब होने पर राजकुमार को इलाहाबाद रेफर कर दिया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। वहीं मंगलवार की रात सैनी कोतवाली के केन गांव में विष्णु शर्मा (20 ) पुत्र राजेंद्र शर्मा घर में टेबल फैन लगाकर सो रहा था। पंखा उसके ऊपर गिर गया, इससे वह करंट की चपेट में आ गया। जब तक परिजन उसे अस्पताल ले जाते, उसकी मौत हो गई। विष्णु शर्मा बीए का छात्र था।