कौशाम्बी के कोसम गांव के विशुद्धि फेयरो के राशन और आधार कार्ड मामले को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। मामले में एक केंद्रीय खुफिया जांच एजेंसी भी सक्रिय हो गई है। प्रदेश में चार अन्य जिलों में फेयरो के नेटवर्क की जानकारी होने से एजेंसी के कान खड़े हो गए हैं। फिलहाल यहां से टीम ने एजेंसी दिल्ली मुख्यालय को विशुद्धि फेयरो के पूरे ब्यौरे को भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर फेयरो के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
कोसम गांव में रहने वाले विशुद्धि द्वारा आधार कार्ड बनवाने के मामले ने तूल पकड़ रखा है। जिला प्रशासन तो मामले पर पल-पल निगाह रखे हुए है और अब एक केंद्रीय खुफिया एजेंसी भी सक्रिय हो गई है। एजेंसी की टीम के लोगों ने फेयरो के पूरे रिकार्ड को खंगाला। पता चला है कि फेयरो ने यहां पर आनंद बोधि सोसायटी ऑफ इंडिया नाम से एक संस्था बना रखी है। सोसायटी की शाखा प्रदेश के चार अन्य शहरों में है। जिसमें श्रावस्ती जिला प्रमुख है। फेयरो ने कोसम गांव में सोसायटी की ओर से जो निर्माण कराया है। रिपोर्ट के मुताबिक उसकी जमीन स्थानीय लोगों के नाम पर ली गई है। ये लोग फेयरो के साथ ही रहते हैं। एजेंसी की टीम की रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश के अन्य चार जिलों में भी फेयरो की सोसायटी के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फेयरो सोसायटी के प्रबंधक हैं।