सिराथू,(कौशाम्बी)। शुक्रवार शाम तिलक समारोह से हिस्सा लेकर लौट रहे नगर पंचायत सिराथू के चेयरमैन की गाड़ी पर एक युवक ने लाठी से हमला बोल दिया। हमले में गाड़ी का अगला शीशा टूट गया। गाड़ी की अगली सीट पर बैठे चेयरमैंन बाल-बाल बच गए।
नगर पंचायत सिराथू के चेयर मैंन राजेंद्र कुमार उर्फ भोला यादव शुक्रवार शाम एक तिलक समारोह में भाग लेने गए थे। शाम तकरीबन साढे़ 7 बजे थे। वह अपनी स्कार्पियो से घर लौट रहे थे। गाड़ी जैसे ही जानकीपुर के पास पहुंची। सड़क पर गड्ढा होने से चालक ने गति धीमी कर दी। इस दौरान पहले से घात लगाकर बैठे अनिल कुमार मिश्र निवासी जानकीपुर ने लाठी से गाड़ी पर हमला कर दिया। उसके द्वारा मारी गई लाठी सामने शीशे पर लगने पर पूरा शीशा टूट गया। इस दौरान गाड़ी की अगली सीट पर बैठे चेयरमैन राजेंद्र यादव नीचे उतरे से युवक उनसे भी उलझकर बदसलूकी करने लगा। सरेआम, सरेराह चेयरमैन के साथ होती घटना देख भीड़ जमा होने लगी।
यह देख हमलवार जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। राजेंद्रकुमार का कहना है कि हमले में वह बाल-बाल बच गए। उन्हें निशाना साध कर ही हमला किया गया है। मामले में सैनी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। समाचार भेजे जाने तक पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। एसओ का कहना है कि शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। घटना से नगर के सभासदों में गहरा आक्रोश है।