सैनी गांव में शनिवार की रात एक युवक ने फंदे से लटक जान दे दी। रविवार की सुबह युवक की लाश घर के भीतर बंद कमरे में चुल्ले के सहारे झूल रही थी। चर्चा है कि पत्नी से झगड़ने के बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सैनी कोतवाली के सैनी गांव का रहने वाला संतोष कुमार (35) पुत्र भुल्लू शनिवार की रात परिजनों के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बताया जा रहा है कि कमरे में जाने के बाद युवक रस्सी के सहारे चुल्ले से झूल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने आवाज लगाई इसके बाद जब कोई उत्तर नहीं मिला तो जाकर देखा कि युवक फंदे से झूल रहा है। युवक के खुदकुशी की खबर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।