करारी के थामा अलावलपुर गांव में ब्याही युवती पर सितम ढाने के बाद ससुरालियों ने पीटकर घर से भगा दिया। शादी के बाद से ही ससुराली मायके से बोलेरो की डिमांड को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। पीड़िता की तहरीर पर सोमवार को पुलिस ने आरोपी पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के अनेठा गांव की रेनू देवी की शादी साल भर पहले करारी के थामा अलावलपुर गांव में हंसराज के साथ हुई थी। बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग मायके से एक लाख नगदी के साथ बोलेरो गाड़ी लाने की जिद कर प्रताड़ित करने लगे। कई दिनों तक उसे कमरे में बंद कर भूखा-प्यासा भी रखा गया।
प्रताड़ना की हद पार करते हुए पखवारे भर पहले उसे बेरहमी से पीटने के बाद ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। किसी तरह मायके पहुंची विवाहिता ने आपबीती परिजनों को बताई तो वह सन्न रह गए। सोमवार को पिता के साथ करारी थाने पहुंची पीड़िता ने घटना की शिकायत पुलिस से की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस आरोपी पति हंसराज, ससुर सुखलाल समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।