सिराथू। नौकरी के लिए विदेश भेजने का सब्जबाग दिखाकर उचक्कों ने 15 युवकों से 13 लाख रुपये ठग लिया है। पैसे लेकर उचक्के महीनों युवकों को बहाना बनाकर टरकाते रहे। बाद में दबाव बनाने पर उन्हें खाड़ी देश बहरीन का फर्जी टिकट थमा दिया गया। भुक्तभोगियों ने इसकी शिकायत सैनी कोतवाली पुलिस से की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के कड़ा गांव निवासी सिराज अहमद ने बताया कि दारानगर का रहने वाला एक युवक दुबई में नौकरी करता है। उसने अपने तीन अन्य साथियोें की मदद से सैनी बस स्टाप के पास युवकों को नौकरी के लिए विदेश भेजने का एक दफ्तर खोल रखा है। सिराज की मानें तो इन जालसाजोें के फेर में पड़कर उसने अपने परिचित के 12 युवकों को विदेश भेजने के लिए इस दफ्तर में 10 लाख रुपये जमा करवाए थे।
दफ्तर में काम करने वाले युवकों ने उससे कहा था कि एक महीने से वीजा देकर सभी को बहरीन भेजकर नौकरी दिलवा दी जाएगी। पर, पैसा लेने के छह महीने बाद भी उसके किसी भी परिचित को अब तक बीजा नहीं उपलब्ध कराया ा सका है। बीजा नहीं मिलने पर अब सभी परिचित उससे अपना पैसा मांग रहे हैं। साथ ही उसके साथ झगड़ा किया जा रहा है। भुक्तभोगी की मानें तो उसने जब दफ्तर संचालकों पर दबाव बनाया, तो इन लोगों ने नौ युवकों के नाम बहरीन का टिकट भेजा था। ये सभी टिकट फर्जी थे।
वहीं किंगनगर करारी कस्बे के रहने वाले वीरेंद्र कुमार पुत्र सुक्खू, राजेश कुमार पुत्र वंशी लाल और रामकुमार पुत्र सुरेश का भी आरोप है कि विदेश भेजने के नाम पर सैनी में दफ्तर खोलकर बैठे युवकों ने उससे भी विदेश भेजकर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये 17 नवंबर 2014 को लिया था। तब से अब तक बीजा उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। जब भी दफ्तर जाकर बीजा मांगा जाता है। बहाना बनाकर लौटा दिया जाता है। साथ ही दबाव बनाने पर उन्हें धमकाया भी जा रहा है। विदेश भेजने के नाम पर पैसे गंवाने वाले युवकों ने मामले की शिकायत सैनी कोतवाली में की है। मामले में सैनी कोतवाली के एसआई बलवंत सिंह ने बताया कि विदेश भेजने के नाम पर ठगी की शिकायत मिली है। प्रकरण की जांच की जा रही है। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई होगी।