सैनी कोतवाली के इस्माइलपुर गांव की एक विधवा से उसके बेटे को सऊदी अरब भेजने के नाम पर जालसाज ने 50 हजार रुपये ठग लिया। सालभर बीतने के बाद जब वीजा और पासपोर्ट नहीं मिला तो विधवा महिला जालसाज के घर पहुंची। पैसे की मांग करने पर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया गया। जिसकी शिकायत पीड़िता ने उसी दिन सैनी पुलिस से की। पर पुलिस ने जालसाज के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किया। बुधवार को मंझनपुर पहुंची विधवा महिला ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव की रहने वाली अफसाना बेगम पत्नी मुन्ना ने बताया कि पति की मौत के बाद वह मेहनत मजदूरी करके परिवार की जीविका चलाती है। साल भर पहले गांव के एक व्यक्ति ने उसके बेटे को सऊदी में नौकरी दिलाने हेतु वीजा देने के लिए पासपोर्ट और 50 हजार रुपया ले लिया। एक बरस बीतने के बाद जब वीजा नहीं मिला तो पीड़िता ने युवक से पैसे की मांग की। इस पर युवक उसे थोडे़ दिन और इंतजार करने को कहा।
इधर जब एक साल से अधिक का समय बीत गया तो उसने पैसे की मांग करना शुरू कर दिया। रकम मिलने का महीनों इंतजार करने के बाद शनिवार को वह जालसाज युवक के घर पहुंच गई। जब उसने पैसा मांगा तो युवक ने नहीं देने की धमकी देते हुए पीटकर घर से खदेड़ दिया। आरोप है कि उसी दिन उसने मामले की नामजद शिकायत पुलिस से की। दो दिन बीतने के बाद जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं किया तो मंगलवार को पीड़िता मंझनपुर पहुंची और प्रार्थना पत्र पुलिस अधीक्षक को देते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने सैनी कोतवाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।