मंझनपुर/ शमसाबाद (कौशाम्बी)। दुकान बंद कर घर जा रहे सर्राफ को तमंचा सटा बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह एक लाख की चांदी लूट ली। वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते भाग निकले। लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के मलाकसद्दी गांव का राजलाल वर्मा पुत्र गजाधर वर्मा सर्राफ है। करनपुर सौरई बाजार में उसने सराफे की दुकान खोल रखी है। शाम लगभग आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही गांव के समीप नहर पुलिया पर पहुंचा तभी पीछे से आए बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा सटा उसके पास से दो किलोग्राम चांदी लूट ली। वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले।
घटनास्थल से कुछ दूर जाने के बाद बाइक पंचर हो गई। इस पर बदमाश बाइक सड़क किनारे छोड़कर भाग निकले। सरेराह हुई लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय मंझनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह के साथ घटना स्थल पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बदमाशों की बाइक कब्जे में लेते हुए घटना के खुलासे का एसओ को निर्देश दिया है। सरेराह हुई लूट की घटना से दुकानदार के होश उडे़ हैं। प्रभारी एसपी ने बताया कि बदमाशों की जो बाइक मिली है उसका नंबर बदल कर घटना अंजाम दी गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।