सैनी कोतवाली के सरैया(रामपुर धमावां) गांव में रविवार रात बेखौफ चोर तीन घरों से हजारों की संपति पार कर दी। एक ही रात तीन घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत पसरी है। जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सरैंया गांव निवासी राजू पुत्र राम आसरे रविवार रात छत पर परिवार के साथ सोया था। रात दरवाजे के बगल से नकब काटकर घर के भीतर घुसे चोर नगदी, गहने समेत करीब 50 हजार रुपए की संपति पार कर दी। यहां के बाद चोरों ने ललऊ के यहां भी ताला तोड़कर नगदी जेवरात समेत 20 हजार का सामान उठा ले गए।
इसके बाद पड़ोसी रामू के घर भी चोरों ने लूटपाट का प्रयास किया। जगहट होने के बाद चोर भाग निकले। गांव में एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी की जानकारी मिलते ही दहशत पसर गई। ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि पुलिस गश्त के नाम पर गांव पहुंच चहेतों के घर खर्राटे भरती रहती है।
24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
पूरामुफ्ती के जनका निवासी विजय उर्फ दरोगा (22) पुत्र राम गोपाल शनिवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। युवक की हत्या किसने और क्यों की, घटना के चौबीस घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। इस बाबत घर वाले भी खामोशी अख्तियार किए हुए हैं। कोतवाल भास्कर मिश्र ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। एक-दो लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। फिलहाल अभी कोई क्लू हाथ नहीं लगा है।