जिला जिला से मंगलवार को पेशी पर आया सुपारी किलर इकरार अहमद सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया। सिपाही को पान खिलाकर आरोपी भागा और अपने साथी की बाइक पर बैठकर गायब हो गया। सिपाही ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी तो हड़कंप मच गया। जिले की सीमा को सील कर पुलिस ने देर शाम तक आरोपी की तलाश की, लेकिन सुराग तक नहीं लगा।
कौशाम्बी जिले के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के उजैहिनी खालसा निवासी इकरार अहमद उर्फ चुन्ने मियां पुत्र गुलाम मुस्तफा पेशेवर अपराधी है। वह भाड़े पर हत्या करता था। वर्ष 2007 में इकरार ने प्रतापगढ़ में एक युवक की सुपारी लेकर हत्या की थी। घटना के तीन महीने बाद पुलिस ने इकरार को गिरफ्तार कर नैनी जेल भेज दिया था। वर्ष 2014 में इकरार को कौशांबी जेल स्थानांतरित किया गया था। इकरार के खिलाफ कई थानों में लूट, हत्या व हत्या के प्रयास के लगभग 16 मामले दर्ज हैं। मंगलवार को जिला कारागार से इकरार को पेशी पर लाया गया था। पेशी के बाद इकरार ने सिपाही अरुण कुमार से पान खाने की इच्छा जाहिर की। दोनों ने न्यायालय परिसर के बाहर एक गुमटी में पान खाया।
इसी दौरान सिपाही को झांसा देकर इकरार भागकर अपने साथी की बाइक पर बैठकर बरईन का पुरवा होते हुए इचौली की ओर भाग निकला। पुलिस कस्टडी से बंदी के फरार होने की खबर लगते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। जिले की सीमा को सील कर दिया गया। एसओजी की टीम को शातिर की खोजबीन में लगाया गया। पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र ने सिपाही अरुण कुमार को सस्पेंड कर दिया है। एसपी के निर्देश पर सदर कोतवाली में फरार आरोपी व निलंबित सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है।