अधिकारियों की नाक के नीचे पुलिस की एक टीम ने बड़ा खेल कर दिया। तस्कर से 24 किलो गांजा बरामद किया और 50 हजार रुपये लेकर मुख्यालय से ही छोड़ दिया। घर पहुंचे तस्कर ने इसकी जानकारी अपने साथियों को दी तो पूरे जिले में पुलिस के इस कारनामे का हल्ला मच गया। इससे गांजा पकड़ने वाली टीम बैकफुट पर आ गई है।
जिला मुख्यालय में 24 घंटा तैनात रहने वाली पुलिस की एक टीम ने मुखबिर की सूचना पर ओसा के समीप से एक तस्कर के कब्जे से 24 किलो गांजा बरामद किया था। गांजा बरामद करने के बाद आरोपी को पुलिस पकड़कर जिला मुख्यालय लाई। यहां घंटों पूछताछ के बाद पुलिस ने तस्कर के एक साथी को बुलवाया। गांजा तस्कर को छोड़ने को लेकर पंचायत हुई। इसमें गांजा तस्करों की पूरी टीम शामिल हो गई। देर शाम 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
इसके बाद पुलिस ने 24 किलो गांजा रख लिया और 50 हजार रुपये लेकर तस्कर को छोड़ दिया। पुलिस के चंगुल से छूटा आरोपी अपने गांव पहुंचा तो उसने साथियों को इसकी जानकारी दी। दूसरे तस्करों ने भी पुलिस की यह कार्रवाई अपने साथियों से शेयर की। पल भर में यह मामला पूरे जिले में वायरल हो गया। गांजा बरामद करने वाली पुलिस टीम इससे सकते में आ गई। अब वह तस्कर को छुड़ाने वाले पर दबाव बना रही है कि वह उसको लाकर पुलिस के हवाले करे लेकिन दोनों गायब हो चुके हैं। इससे पुलिस टीम की परेशानी बढ़ गई है।