पिटाई से अधेड़ की मौत के मामले में नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के बाद छोड़ना सल्लाहपुर चौकी प्रभारी को महंगा पड़ सकता है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने सीओ सिटी को जांच का निर्देश दिया है। रविवार को चौकी पहुंचे अफसर ने मुंशी और दीवान का बयान दर्ज किया। चर्चा है कि मामले की गंभीरता से जांच हुई तो चौकी प्रभारी का सस्पेंड होना तय है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी अशोक कुमार को 13 अप्रैल की सुबह कटिया लगाने के विवाद में पड़ोसी ने पीटकर मार डाला था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने रमाशंकर, राममनोहर और सुरेश के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मृतक की पत्नी कलावती का आरोप है कि चौकी प्रभारी सल्लाहपुर ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के बाद पैसे का लेन-देन कर छोड़ दिया। सल्लाहपुर चौकी प्रभारी के करतूत की भनक पीड़िता को लगी तो उसने मंझनपुर पहुंच कर मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी वीके मिश्र ने सीओ सिटी रमाकांत यादव और एसओ पुरामुफ्ती को प्रकरण की जांच का निर्देश दिया। रविवार को चौकी पहुंचे सीओ ने पीड़िता के आरोपों की जांच करते हुए मुंशी मेराज अहमद और दीवान संतलाल का बयान दर्ज किया। सीओ ने बताया कि अभी इस मामले में दो और पुलिस कर्मियों का बयान होना बाकी है। इसके बाद जांच रिपोर्ट एसपी को दी जाएगी। खैर, माना जा रहा है कि आरोपों की जांच गंभीरता से हुई तो सल्लाहपुर चौकी प्रभारी पर कार्रवाई होना लगभग पक्का है। मामले में एसपी वीके मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिली थी। सीओ मंझनपुर से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी। आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।