पिपरी इलाके में शुक्रवार शाम दरिंदों ने युवती से सामूहिक दुराचार किया। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो सोमवार को पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई।
पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती शुक्रवार शाम खेत की ओर गई थी। वह जैसे ही सुनसान जगह पर पहुंची पहले से घात लगाकर बैठे गांव के दो युवकों ने दबोच लिया। युवती ने विरोध किया तो चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर रखते हुए बोलने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने उसकी अस्मत लूट ली। दरिंदगी के बाद युवती को बदहवास हालत में छोड़कर भाग निकले।
होश आने पर बेसुध हालत में घर पहुंची युवती ने आपबीती परिजनों को बताई। बेटी की हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। देर रात परिवार के लोग पीड़िता को लेकर पिपरी थाने गए। आरोप है कि पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलते देख सोमवार को पीड़िता मंझनपुर पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी अशोक कुमार पांडेय ने सीओ चायल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
किशोरी से गैंगरेप की कोशिश, केस
सैनी इलाके में रविवार शाम एक किशोरी के साथ सामूहिक दुराचार का प्रयास किया गया। शाम को किशोरी घर में अकेली थी। आबरू बचाते हुए पीड़िता चीखने-चिल्लाने लगी। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। देर शाम पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अतीक और सैयद समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। दबिश देकर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।